
एसपी कार्यालय एवं निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम शुक्रवार 9 अक्टूबर को एक दिवसीय प्रवास पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पहुंचे। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक जिला लक्ष्य शर्मा उपस्थित रहे। प्रवास के दौरान पुलिस महानिदेशक श्री गौतम ने सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय खैरागढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं डीएसबी, वेतन, फंड, स्थापना, ओएम एवं एसआरसी शाखा की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साइबर अपराधों की रोकथाम एवं डिजिटल पुलिसिंग पर विशेष जोर
पुलिस महानिदेशक ने जिला साइबर लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, साइबर अपराधों की विवेचना तथा डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी विवेचना एवं अपराधियों तक पहुंचने के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिले के पुलिस थानों में संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों एवं डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। पोर्टलों पर दर्ज सूचनाओं, प्रकरणों के नियमित अद्यतीकरण तथा डिजिटल अभिलेखों के संधारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन प्रणालियों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं बेहतर पुलिसिंग के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं उप पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, विवेचना के दौरान तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही, दक्षता एवं जनोन्मुखी दृष्टिकोण बनाए रखने पर भी बल दिया।
निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण, वृक्षारोपण भी किया
पुलिस महानिदेशक श्री गौतम ने निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन खैरागढ़ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्माणाधीन भवनों, आधारभूत संरचनाओं तथा अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के पालन एवं तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पुलिस बल की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने नवीन जिला पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में हुए शामिल
अपने प्रवास के अंतिम चरण में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।पुलिस महानिदेशक का यह प्रवास जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, डिजिटल पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा पुलिस अधोसंरचना के विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
