केसीजी कलेक्टर वर्मा ने धान संग्रहण केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. कलेक्टर चन्द्रकांत वर्मा ने धान संग्रहण केन्द्र दोमरी, घोटिया, ठेलकाडीह और मदुराकुही का औचक निरीक्षण किया। इस बीच उन्होंने संग्रहण केन्द्रों में बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया साथ ही संग्रहण केन्द्रों में भंडराण की स्थिति सहित अन्य विषयों की जानकारी। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि धान का संग्रहण केन्द्र मदुराकोही और दामरी, घोटिया में भंडराण शुरू हो गया है। दोनों केन्द्रों में क्रमश: 5000 क्विंटल व 12000 क्विंटल धान का भंडराण किया जा चुका है जबकि ठेलकाडीह में धान संग्रहण करने के लिये व्यवस्था पूरी कर ली गई है यहां भी जल्द ही धान का भंडारण करने की जानकारी दी। कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले के तीनों ही धान संग्रहण केन्द्रों को बेहतरी से उपयोग करने के निर्देश दिये। उन्होंने संग्रहण केन्द्रों में अधिक से अधिक धान का भंडारण सुनिश्चित करने के लिये जिला विपणन अधिकारी को निर्देशित किये। वही संग्रहण केन्द्रों में ड्रेनेज, कैपिंग, स्केटिंग, बाउंड्री का फेंसिंग, चौकीदारों की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने भी निर्देशित किये। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे समितियों से धान का उठाव करें जहां खरीदी के लिये पर्याप्त जगह नहीं बची है ताकि उपार्जन केन्द्रों में खरीदी के दौरान किसी भी तरह की समस्या न हो। साथ ही भंडारित होने वाले धान की सुरक्षा के लिये व्यापक व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। निरीक्षण के दौरान सहकारी संस्था खैरागढ़ के सहायक पंजीयक रघुराज ठाकुर और जिला विपणन अधिकारी चन्द्रपाल दीवान उपस्थित थे।