Uncategorized

केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की महती बैठक संपन्न

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में विद्यालय प्रबंधन समिति की सत्र की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला खैरागढ़ छुईखदान गंडई के कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। बैठक में प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार ने कार्यसूची के विभिन्न बिंदुओं को विस्तार से प्रस्तुत किया जिनका समिति द्वारा अनुमोदन किया गया। अध्यक्ष ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी छात्र सुविधाओं तथा अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी उपचारात्मक शिक्षण रिमेडियल क्लासेस संचालित करने पर विशेष बल दिया गया। विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण अधूरे निर्माण कार्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा प्रस्तावित योजनाओं में आवश्यक प्रक्रियाओं के पालन के निर्देश भी दिए गए। विद्यालय परिसर में पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक चर्चा हुई। प्रभारी प्राचार्य द्वारा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निवेदन पर कलेक्टर ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा वैकल्पिक जल आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय मैदान के चारों ओर सड़क निर्माण के विषय में भी विस्तृत विचार विमर्श हुआ।

बैठक में उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी रामकुमार जायसवाल को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए। मैदान के मध्य से गुजर रहे बिजली तारों को हटाने के संबंध में भी प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया गया। बैठक के प्रारंभ में मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संगीत शिक्षक डॉ.मुकुंद सिंह ठाकुर ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बैठक में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के सहायक प्राध्यापक डॉ.दिवाकर कश्यप, डॉ.रविनारायण गुप्ता, डॉ.जगदेव नेताम अभिभावक सदस्य विजय कुमार सोनी, कौशिल्या वर्मा तथा शिक्षक प्रतिनिधि संदेश रविंद्र निनावे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ.योगेंद्र पांडेय ने किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन संदेश रविंद्र निनावे ने दिया। बैठक के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page