
बख्शी स्कूल को बनाया गया है जिले का एकमात्र मूल्यांकन केंद्र
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। प्रमुख विषयों की अधिकांश परीक्षाएँ संपन्न होने के साथ ही अब उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में बोर्ड उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 16 मार्च से प्रारंभ होगा। जिले में इस वर्ष उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पीएम श्री सेजेस बालक स्कूल, खैरागढ़ को एकमात्र मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है यहीं पर दोनों कक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की जाएगी। मूल्यांकन कार्य में जिले सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग 350 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जानकारी के अनुसार अन्य जिलों से भी बोर्ड परीक्षा की कॉपियाँ मूल्यांकन के लिए इस केंद्र पर भेजी जाएँगी। निर्धारित मानदेय के अनुसार कक्षा 10वीं की प्रति उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन पर 10 रुपये तथा कक्षा 12वीं की प्रति उत्तरपुस्तिका पर 11 रुपये का पारिश्रमिक दिया जाएगा। मूल्यांकन केंद्र में उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। केंद्र परिसर में केवल संबंधित विषयों के मूल्यांकनकर्ता शिक्षक और व्याख्याताओं को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विद्यालय के प्राचार्य अनुराग सिंह एवं प्रभारी व्याख्याता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि मूल्यांकन कार्य के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह पूरा कार्य जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किया जा सके।
