
समय पर लक्ष्य पूरा करने अधिकारियों को निर्देश
हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों के निराकरण पर जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में विकास कार्यों और शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। बैठक के दौरान समग्र शिक्षा के अंतर्गत लंबित और शुरू नहीं हो पाए कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा किया जाए। वहीं स्वास्थ्य योजनाओं जैसे आयुष्मान आभा और वय वंदन कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण अभियान “कैच द रेन” पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर संयंत्रों की स्थापना और धान उठाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निष्क्रिय और डिफॉल्ट खातों को सक्रिय कर नियमानुसार राशि शासन के खाते में जमा कराने पर भी जोर दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि चिखलदाह क्षेत्र में केमिकल आपदा से निपटने के लिए मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके अलावा नियद नेल्लानार योजना 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन राजस्व मामलों के शीघ्र निराकरण और iGOT प्लेटफॉर्म पर अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी आवास तय समय-सीमा में पूर्ण हों इसके लिए नियमित निगरानी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को समय पर सामग्री और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो। जनगणना की तैयारियों को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित जिले के सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
