कलेक्टर ने किया मरकामटोला स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण

गर्भवती महिलाओं की जांच और साफ–सफाई पर दिया जोर
सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शनिवार को विकासखंड खैरागढ़ के मरकामटोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, साफ–सफाई की व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं की चार अनिवार्य जांच सुनिश्चित हो और संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता दी जाए ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों से सीधा संवाद कर केंद्र की सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र को साफ–सुथरा और आदर्श स्वरूप में विकसित किया जाए।

इस मौके पर 85 स्वच्छता दीदी का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत 40 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। तीन दिवसीय अभियान के दौरान अब तक 140 गर्भवती महिलाओं का परीक्षण पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों का वय वंदना कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान योजना से निःशुल्क उपचार का लाभ दिलाया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, जिला पंचायत सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।