
नए हैंडपंप से वनवासियों को मिली स्थायी राहत
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के वनाँचल में बसे ग्राम गर्रा अंतर्गत कोहकाझोरी बैगा बसाहट में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन की पहल से यहां नया हैंडपंप स्थापित किया गया है जिससे अब सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। जानकारी के अनुसार बसाहट के निवासियों को पेयजल के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती थी। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी परेशानी प्रशासन के समक्ष रखी थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद विभागीय टीम ने स्थल का निरीक्षण कर नलकूप खनन का कार्य कराया तथा वहां नया हैंडपंप स्थापित किया। हैंडपंप शुरू होने के साथ ही बसाहट में पेयजल संकट समाप्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी जिसका सबसे अधिक असर महिलाओं बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ता था। अब घर के समीप ही पानी उपलब्ध होने से उनकी दिनचर्या आसान हो गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुसार स्थापित हैंडपंप से कोहकाझोरी बैगा बसाहट के सभी परिवारों को पर्याप्त पेयजल मिल रहा है। जल सुविधा बहाल होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन और विभाग के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

