
सत्यमेव न्यूज गंडई। केसीजी जिला पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ऑपरेशन तलाश के तहत दो अलग-अलग प्रकरणों में गुम हुई नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी यश गेड़ाम और नितेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी अनुसार पहले मामले में 11 मार्च 2026 को प्रार्थी ने थाना गंडई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन 9 मार्च 2026 से बिना बताए घर से कहीं चली गई है। इस पर थाना गंडई में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ऑपरेशन तलाश के तहत लगातार खोजबीन की गई। विवेचना के दौरान 13 अप्रैल 2026 को बालिका को आरोपी यश गेड़ाम निवासी वणी जिला यवतमाल महाराष्ट्र के कब्जे से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
दूसरे मामले में प्रार्थी ने 21 सितंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी भतीजी 12 सितंबर 2024 को बिना बताए घर से चली गई थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने बालिका को शक्ति नगर दुर्ग से आरोपी नितेश यादव के कब्जे से बरामद किया और उसे भी सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया। गुम बालिकाओं के सकुशल मिलने से परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी यश गेडाम और नितेश यादव के विरुद्ध धारा 64(2)(ड) बीएनएस एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।