Advertisement
Uncategorized

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल को खैरागढ़ विधायक का मिला समर्थन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा का समर्थन मिला। बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात करते हुए विधायक श्रीमती वर्मा ने उनकी समस्याओं और मांगों को जायज ठहराया तथा शीघ्र समाधान के लिए शासन-प्रशासन से पहल करने की बात कही। गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारी पिछले 16 दिनों से नियमितीकरण, वेतनमान सुधार और अन्य लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में कई तरह की स्वास्थ्यगत सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार अपनी मांगों को लेकर शासन से संवाद करते आ रहे हैं लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। विधायक वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले एनएचएम कर्मचारियों के बिना ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को विधानसभा और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने विधायक के समर्थन को अपने आंदोलन के लिए नैतिक शक्ति बताया और कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हो जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं.मिहिर झा, विधायक प्रतिनिधिगण मनराखन देवांगन, डॉ.अरुण भारद्वाज, सूर्यकांत यादव और रविंद्र सिंह गहरवार सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने प्रदेश की भाजपानीत विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एनएचएम कर्मचारियों का हौसला बुलंद करते हुए उन्हें सीधा समर्थन दिया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page