धर्म

आस्था, एकता और जनसंघर्ष का होगा विराट संगम- 2 अप्रैल को किसान हनुमान मंदिर में ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/गंडई। दनिया-अतरिया-उदयपुर-हनईबन अंचल सहित आसपास के गांवों में इन दिनों भक्ति, ऊर्जा और जनजागरण का अद्भुत वातावरण बना हुआ है। गांव-गांव में “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंज रहे हैं। इसी क्रम में 2 अप्रैल 2026 को नवनिर्मित किसान हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान की भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। ज्ञात हो कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है बल्कि 55 गांवों की सामूहिक चेतना, सामाजिक समरसता और किसानों के अधिकारों की आवाज का प्रतीक बनकर उभर रहा है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह महोत्सव क्षेत्रीय स्तर से निकलकर व्यापक जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है।

आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता 55 गांवों की सहभागिता है। प्रत्येक गांव से ग्रामीण तन, मन और धन से योगदान दे रहे हैं। महिलाएं मंगलगीत गा रही हैं वहीं युवा व्यवस्थाओं में जुटे हैं और बुजुर्ग मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। समिति की अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी जंघेल ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला ऐतिहासिक अवसर बनेगा।

28 मार्च से 2 अप्रैल तक चलने वाले छह दिवसीय कार्यक्रम के तहत विविध धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। आयोजन समिति के संयोजक सुधीर गोलछा ने इसे जनशक्ति और आस्था का ऐतिहासिक संगम बताया। बता दे कि आगामी 28 मार्च को ग्राम विचारपुर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो 31 मार्च तक विभिन्न गांवों से होते हुए गंडई नगर पंचायत पहुंचेगी। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ग्रामीणों द्वारा मार्ग में स्वागत, जलपान और विश्राम की व्यवस्था की जा रही है साथ ही 1 अप्रैल सुबह 9 बजे से 2 अप्रैल सुबह 9 बजे तक मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड राम नाम जाप आयोजित होगा इसके साथ ही 1 और 2 अप्रैल को विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन-अर्चन संपन्न किया जाएगा।

आयोजन के दौरान किसान महापंचायत का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें क्षेत्र के किसान जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर भविष्य की रणनीति तय करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध में चल रहे आंदोलन को भी इस मंच से मजबूती मिलेगी। 2 अप्रैल को सुबह 10 बजे पंडरिया हनुमान मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी जो किसान हनुमान दक्षिणमुखी संकटमोचन मंदिर पहुंचेगी। इसके पश्चात विधिवत भगवान हनुमान की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। इस अवसर पर लगभग 2000 किसान परिवारों सहित हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति संभावित है।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद विशाल भंडारा एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। भंडारे की व्यवस्था के लिए 50 सदस्यीय टीम लगातार कार्य कर रही है। आयोजन में सर्वसमाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समाजों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन में युवाओं की सक्रिय भूमिका रही है। सौरभ जंघेल, विक्रम सिंह यादव, ऐमन जंघेल, लक्की जंघेल, तेजेश्वर जंघेल और प्रियंका चंदेल सहित अनेक युवा इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजन समिति ने प्रशासन से अपेक्षा की है कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए वहीं क्षेत्र के ग्रामीणों के अनुसार यह आयोजन आस्था, एकता और किसानों के अधिकारों की चेतना का संगम बनेगा। भक्ति के साथ क्षेत्र के किसानों द्वारा अपनी जमीन बचाने के लिए हुये जनसंघर्ष का यह स्वर आने वाले समय में क्षेत्र के इतिहास में महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होने की संभावना है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page