आंगनबाड़ी केंद्रों कापरियोजना अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। छुईखदान विकासखंड अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे द्वारा औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कुटेलीखुर्द आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। परियोजना अधिकारी ने कुटेलीखुर्द, सीताडबरी, उदान, दनिया, बीरनपुरकला एवं धोधा सहित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करते हुए पोषण आहार की गुणवत्ता, केंद्रों की साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, केंद्रों में ओआरएस पैकेट उपलब्ध रखने तथा नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को बच्चों के समग्र विकास के लिए ईसीसीई गतिविधियों के माध्यम से शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही सभी हितग्राहियों की आभा आईडी एवं अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी ने केंद्रों में उपस्थित माताओं से संवाद कर उन्हें आंगनबाड़ी सेवाओं का नियमित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी लेते हुए महिलाओं को प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया और समय पर पूर्ण करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
परियोजना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Exit mobile version