
केसीजी पुलिस ने जारी किया टोल फ्री नंबर
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध एवं अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की राज्यव्यापी टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 जारी की गई है। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास किसी ऐसे व्यक्ति के रहने की जानकारी मिलती है जिसके भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने या बिना वैध दस्तावेजों के निवास करने का संदेह हो तो इसकी सूचना हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस को दी जा सकती है। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों असामान्य आवाजाही अथवा संदिग्ध व्यक्तियों को आश्रय या अन्य सहायता दिए जाने की जानकारी भी पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है।
तथ्यों के आधार पर दें सूचना
पुलिस ने नागरिकों से स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी व्यक्ति की भाषा पहनावे क्षेत्र समुदाय अथवा सामान्य पहचान के आधार पर उसके बारे में निष्कर्ष न निकालें। केवल तथ्यात्मक जानकारी और वास्तविक रूप से संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में ही पुलिस को सूचना दें। प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं का पुलिस द्वारा नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा और आवश्यक होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गोपनीय रहेगी पहचान
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हेल्पलाइन पर दी जाने वाली सूचनाओं को गोपनीय रखा जाएगा। नागरिक बिना किसी भय या संकोच के संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि समय पर मिलने वाली सूचनाएं जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मददगार साबित होंगी।
हेल्पलाइन नंबर : 1800-233-1905 सुविधा : टोल फ्री | 24 घंटे | गोपनीय
केसीजी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सजग रहें और किसी भी वास्तविक संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर पुलिस को देकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सहयोग करें।
