
19.42 लाख रुपये मूल्य का प्रकरण हुआ दर्ज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। धान खरीदी सीजन के दौरान जिले में अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य, कृषि उपज मंडी सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों ने लगातार छापेमार कार्रवाई करते हुए अब तक 971 क्विंटल से अधिक धान जप्त किया है। जब्त धान का बाजार मूल्य 19 लाख 42 हजार रुपये आंका गया है। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य में खरीदी केवल वास्तविक एवं पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी। इसके लिए कोचियों, व्यापारियों और अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी अनियमितता पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 1 दिसंबर की संयुक्त कार्रवाई कृषि उपज मंडी और खाद्य विभाग की टीमों ने 1 दिसंबर को जिले के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ग्राम गोकना में भोज राम साहू के फॉर्म से 12 क्विंटल, खत्री ट्रेडर्स के गोदाम से 40.80 क्विंटल, गुरुदेव ट्रेडर्स खैरागढ़ से 50 क्विंटल, जैन कुंदन कमलेश फॉर्म से 31 क्विंटल, सम्यक ट्रेडर्स से 80 क्विंटल, मेसर्स अशोक कुमार जंघेल गंडई से 30 क्विंटल व चंदन मल सुगमचंद जैन गंडई से 51 क्विंटल धान जप्त किया गया।
धान खरीदी केंद्रों में भी प्रशासन दिखा रहा सख्ती
धान की अवैध बिक्री रोकने जिला प्रशासन की निगरानी खरीदी केंद्रों पर भी जारी है। हाल के दिनों में
14 नवंबर को 120.10 क्विंटल, 21 नवंबर को 289.4 क्विंटल, 22 नवंबर को 96 क्विंटल, 23 नवंबर को 70 क्विंटल, 26 नवंबर को 56 क्विंटल व 27 नवंबर को 44 क्विंटल धान अवैध रूप से निरीक्षण के दौरान पाया गया जिसे तुरंत जप्त किया गया।
किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता- कलेक्टर
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी। अवैध धान खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।