
जिला प्रशासन की जनहितकारी पहल का मिल रहा लाभ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को अब गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंचने में न तो आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और न ही परिवहन की समस्या आड़े आ रही है। जिला प्रशासन के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित आदि आरोग्य रथ सेवा मरीजों को उनके गांव से सीधे उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाकर उपचार की राह आसान बना रहा है।पीएम जनमन क्षेत्र अंतर्गत साल्हेवारा, बकरकट्टा सहित आसपास के वनांचल ग्रामों के मरीजों को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रारंभिक जांच के बाद आवश्यकतानुसार जिला अस्पताल एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव जैसे संस्थानों में विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार के लिए निःशुल्क ले जाया जाता है। उपचार एवं जांच पूर्ण होने के पश्चात मरीजों को सुरक्षित रूप से वापस उनके क्षेत्र तक पहुंचाया जाता है। यह सेवा प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से संचालित की जा रही है। अब तक 43 ग्रामीण मरीज इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। हृदय रोग, सर्जरी, नेत्र ऑपरेशन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, चर्म रोग तथा मेडिसिन विशेषज्ञों की सेवाओं के साथ-साथ सीटी स्कैन, सोनोग्राफी एवं अन्य उन्नत जांच भी अब ग्रामीणों के लिए सहज रूप से उपलब्ध हो गई हैं। इस सेवा का एक मानवीय उदाहरण तब सामने आया जब साल्हेवारा क्षेत्र के एक किडनी फेल्योर मरीज को सप्ताह में तीन बार हीमोडायलिसिस के लिए नियमित रूप से आदि आरोग्य रथ के माध्यम से निःशुल्क परिवहन सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे मरीज एवं उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में संचालित यह पहल ग्राम नचनिया, सरईपतेरा, समुन्दपानी, बकरकट्टा, देवपुराघाट, कोपरो, साल्हेवारा सहित बैगा एवं आदिवासी बहुल ग्रामों के लिए जीवनदायी साबित हो रही है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि जिन मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता होती है, उन्हें साल्हेवारा एवं बकरकट्टा स्वास्थ्य केन्द्रों से आदि आरोग्य रथ के माध्यम से निःशुल्क उच्च स्तरीय संस्थानों तक रेफर कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन की मंशा है कि कोई भी ग्रामीण केवल साधनों या परिवहन के अभाव में बेहतर इलाज से वंचित न रहे। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र साल्हेवारा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश वर्मा के समन्वय से यह सेवा निरंतर प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।



