

बदमाशों, वारंटियों और संदिग्धों पर कार्रवाई
देर रात बेवजह घूमने वालों को दी गई सख्त चेतावनी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से केसीजी जिला पुलिस ने शुक्रवार देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। यह अभियान 25 अप्रैल की रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने बरेठपारा, जमातपारा, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार, धरमपुरा, अमलीपारा, दाऊचौरा, बस स्टैंड, शिव मंदिर रोड, गंजीपारा, रश्मि देवी कॉलोनी, खम्हरिया, इंदिरा आवास पारा, अटल आवास और पिपरिया समेत कई क्षेत्रों में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान बैंकों, एटीएम, सराफा दुकानों और संवेदनशील स्थलों की जांच की गई वहीं गुंडा, निगरानी बदमाशों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी उपस्थिति की पुष्टि की गई।


पुलिस ने उनसे वर्तमान आय-व्यवसाय की जानकारी लेते हुए अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत भी दी। कार्रवाई के दौरान फरार स्थायी वारंटी विजय यादव (30 वर्ष) निवासी बरेठपारा वार्ड क्र.6 को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार अभियान में कुल 9 निगरानी बदमाश, 20 गुंडा बदमाश, 19 स्थायी वारंटी और 3 गिरफ्तारी वारंटियों के विरुद्ध दबिश एवं वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा देर रात बेवजह घूमते पाए गए लोगों को थाना लाकर उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द किया गया तथा भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात बाहर न घूमने की चेतावनी दी गई। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
