
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने की सार्थक कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के सुदूर क्षेत्र बकरकट्टा थाना पुलिस ने संवेदनशील पहल ऑपरेशन मुस्कान के तहत अपहृत नाबालिग बालिका को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी जो अपनी मां के साथ बकरकट्टा बाजार गई थी को अज्ञात युवक बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया।शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर तलाश अभियान तेज किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नाबालिग के साथ भोपाल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर उसे तत्काल रवाना किया गया। 16 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने भोपाल के खिजड़ा रोड छोला मंदिर क्षेत्र के पास से आरोपी ललित वर्मा (26 वर्ष), निवासी हीरापुर जिला राजगढ़ को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित मुक्त कराया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को बहला फुसलाकर अपहरण करने और उसके साथ जबरदस्ती करने की बात स्वीकार की। विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 अप्रैल 2026 को आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की तलाश और उन्हें सुरक्षित वापस लाने की कार्रवाई लगातार जारी है।