अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना का भव्य शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह संपन्न

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना खैरागढ़ राज के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह ने समाज संगठन, महिला नेतृत्व, सांस्कृतिक गौरव और नई पीढ़ी में संस्कार जागरण का प्रभावशाली संदेश दिया। राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर की पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में समाज सेवा और संगठन विस्तार का संकल्प दोहराया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, चिकित्सकों, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान कर नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का प्रयास किया गया।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना खैरागढ़ राज द्वारा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक शक्ति का भव्य उदाहरण बनकर सामने आया। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुषमा सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंचन सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती शीला सिंह गहरवार सहित प्रदेश एवं जिला स्तर की अनेक पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाज एवं संगठन के प्रति निष्ठा, सेवा और संस्कृति संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज की महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठजनों की बड़ी सहभागिता ने संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता का परिचय दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतू सिंह ने कहा कि समाज सेवा ही सच्चा नेतृत्व का साधन है। समाज तभी सशक्त बनता है जब महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में आगे आती हैं। प्रदेश अध्यक्ष सुषमा सिंह ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुये कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, अनुशासन और संस्कारों में निहित होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित रहकर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी होगी। जिला अध्यक्ष शताक्षी सिंह ने युवाओं को समाज सेवा से जुड़ने का संदेश देते हुये कहा कि खैरागढ़ की धरती सदैव संस्कृति, शौर्य और सामाजिक चेतना की पहचान रही है। उन्होंने कहा कि संगठन समाज के हर वर्ग को साथ लेकर सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता की भावना के साथ कार्य करेगा।
उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, शिक्षा, महिला सम्मान और सामाजिक सहयोग जैसे विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संरक्षक डॉ.नीता सिंह ने खैरागढ़ राजपरिवार के गौरवशाली इतिहास का स्मरण करते हुये राजपरिवार के वैभवशाली इतिहास, सांस्कृतिक समृद्धि और समाज के प्रति उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की पहचान केवल संगीत नगरी के रूप में नहीं बल्कि संस्कृति, शिक्षा, कला और सामाजिक मूल्यों की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में भी रही है। उन्होंने कहा कि राजपरिवार ने सदैव समाज को शिक्षा, संस्कृति और सेवा की दिशा में प्रेरित किया है।

समारोह में समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों, चिकित्सकों, साहित्यकारों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी ठाकुर सुभाष सिंह गहरवार, समाज के अध्यक्ष लाल चिंताहरण सिंह, साहित्यकार विनयशरण सिंह, समाजसेवी रामकुमार सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक व्यक्तित्वों को सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में डॉ.दिलीप सिंह, डॉ.रूना सिंह, डॉ.नीतिराज सिंह, डॉ.शिल्पी सिंह, डॉ.आकांक्षा सिंह एवं डॉ.सागर सिंह बघेल को सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक एवं जनसेवा क्षेत्र में विक्रांत सिंह, भागवत शरण सिंह, डॉ.विधा सिंह, सौंदर्या सिंह सहित अनेक प्रतिभाओं को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में खेल, कला, विज्ञान और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों एवं युवाओं का सम्मान किया गया। फोटोग्राफी, फुटबॉल, स्केटिंग, तीरंदाजी, तबला वादन, बैडमिंटन एवं विज्ञान मॉडल जैसे क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया जिनमें समाज के होनहार यथार्थ सिंह- फोटोग्राफी, अथर्व सिंह- फुटबॉल, आध्यात्म सिंह- स्केटिंग, आध्या सिंह- तीरंदाजी नैशनल, अराध्या सिंह- मल्टी टैलेंट, आदित्य सिंह- तबला, नीतिका सिंह- बैडमिंटन, हर्षित चौहान- साइंस मॉडल, लाल सागर सिंह- फुटबॉल नैशनल, चैतन्यशरण सिंह- फुटबॉल के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में प्रस्तुत राजपूताना गौरव के साथ राजस्थानी लोकनृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक वेशभूषा ने आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। वीरता, संस्कृति और परंपरा पर आधारित प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया तथा आयोजन को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सामाजिक समरसता और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। समारोह का सफल संचालन करते हुये संस्था के प्रमुख पदाधिकारी के रूप में कोषाध्यक्ष पूनम सिंह व मिडिया प्रभारी डॉ.विधा सिंह ने क्षत्रिय राजवंश खासतौर पर समाज की वीरांगनाओं के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सामूहिक रात्रिभोज की व्यवस्था की गई। समारोह भव्यता, गरिमा और सामाजिक संदेशों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Exit mobile version