
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ शासन की क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 के लिए खिलाड़ियों से खेलवृत्ति के लिये आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत प्रत्येक वित्तीय वर्ष में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। जानकारी के अनुसार ओलंपिक कॉमनवेल्थ एशियाई खेल तथा नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में सीनियर जूनियर और सब जूनियर वर्ग में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति दी जाएगी। सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान पर 75 हजार रुपये द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 40 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में क्रमशः 60 हजार 40 हजार एवं 30 हजार रुपये तथा सब जूनियर वर्ग में 50 हजार 25 हजार और 20 हजार रुपये की खेलवृत्ति निर्धारित की गई है। योजना के अंतर्गत वहीं खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने संबंधित प्रतियोगिता में वास्तविक रूप से भाग लिया हो तथा जिनकी उपलब्धियों का प्रमाण संबंधित राज्य खेल संघ के पदाधिकारियों द्वारा सत्यापित किया गया हो। खेलवृत्ति स्वीकृति के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक सक्षम प्राधिकारी होंगे। खेलवृत्ति प्राप्त करने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना तथा प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है। यदि किसी खिलाड़ी ने एक से अधिक वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है तो उसे केवल श्रेष्ठतम वर्ग के आधार पर ही खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी साथ ही अलग अलग वर्गों में पदक अर्जित करने की स्थिति में भी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर ही प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रत्येक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार खेलवृत्ति का लाभ मिल सकेगा तथा अधिकतम 25 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी ही पात्र होंगे। वर्ष 2025-26 की खेलवृत्ति के लिये पात्रता का निर्धारण वर्ष 2024-25 में अर्जित खेल उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी आवेदन पत्र संबंधित जिला कार्यालय अथवा संचालनालय में राज्य खेल संघ से प्रमाणित कर जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2025 कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है। आवेदन प्रारूप एवं विस्तृत जानकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट http://sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है।