Uncategorized

अंधेरे में घिरा जिला मुख्यालय खैरागढ़, लगातार सड़क हादसों पर कांग्रेस ने शासन-प्रशासन को घेरा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ में लगातार बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और रात के समय बढ़ते सड़क हादसों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार शाम विरोध प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा शासित नगर पालिका और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन की शुरुआत सिविल लाइन स्थित पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद कार्यकर्ता मुख्य चौक से कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकालते हुए पहुंचे जहां 20 वार्डों में व्याप्त अंधकार के प्रतीक स्वरूप 20 मोमबत्तियां जलाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि नगर के सभी 20 वार्डों सहित प्रमुख मार्गों और स्टेट हाईवे पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। दो महीनों के भीतर रात्रि में हुई कई भीषण दुर्घटनाओं और जानमाल के नुकसान ने नागरिकों में भय का वातावरण पैदा कर दिया है। महिलाओं बुजुर्गों और विद्यार्थियों को अंधेरे में आवागमन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी कर रहा है और समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में उलझा हुआ है।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि विरोध रैली के दौरान ही अंधेरे के कारण एक मोटरसाइकिल सवार गाय से टकरा गया और बड़ी दुर्घटना होते होते टल गई। यह घटना इस बात का प्रत्यक्ष उदाहरण है कि शहर की प्रकाश व्यवस्था कितनी दयनीय स्थिति में है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें लोगों की जान जा चुकी है। खराब स्ट्रीट लाइट और सड़कों पर पसरा अंधेरा इन हादसों की बड़ी वजह बन रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर के सभी वार्डों और मुख्य मार्गों पर शीघ्र ही स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त नहीं की गईं तो जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। नगरवासियों ने भी मांग की है कि बंद पड़ी लाइटों की तत्काल मरम्मत कर शहर में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगे और नागरिक सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें। कैंडल मार्च में नेताप्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव, पूरन सारथी, रविन्द्र सिंह गहेरवार, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, संदीप लहरे, महेश यादव, मनीष सारथी, राहुल बंजारे, विलास सारथी, सिद्धांत सिंह, राजा लहरे, हरिदर्शन डीमर, नरेश सिन्हा, विनोद सिन्हा, अजय देवांगन, जितेंद्र रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page