अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अतरिया कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, नारी शक्ति को किया गया नमन

सत्यमेव न्यूज बाज़ार अतरिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार अतरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. जयती विश्वास के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ जिसमें महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे।कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान की देवी मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वक्ताओं ने महिलाओं की सामाजिक स्थिति, अधिकारों और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. गजेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्राचीन समय में महिलाएं समाज में सशक्त और सम्मानित थीं लेकिन मध्यकालीन दौर में उनकी स्थिति कमजोर हुई। वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, जो नारी सशक्तिकरण का स्पष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर अखिलेश राठौर, सिद्धार्थ देशमुख और सुकांत साहू ने भी लैंगिक समानता महिला अधिकारों और समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान डॉ. स्मृति कन्नौजे, डॉ. सोनी लोधी, सागर वर्मा, आशीष वर्मा, झामन वर्मा और मधु यादव ने कविता और पदों के माध्यम से नारी के संघर्ष, संवेदनाओं और आत्मबल का मार्मिक चित्रण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. स्मृति कन्नौजे ने किया। इस अवसर पर अश्विनी वर्मा, ऋषि कुमार यादव सहित महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version