
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान खैरागढ़ द्वारा संचालित कौशल विकास एवं स्वरोजगार उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक हर्ष देशमुख, भारतीय रिजर्व बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर क्षितिज वर्मा, जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन विहान उमेश कुमार तिवारी, कृषि एवं अनुसंधान केंद्र छुईखदान के डीन डॉ. एके सिंह, वैज्ञानिक डॉ. बीएस असाटी तथा शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ के सहायक प्राध्यापक यशपाल जंघेल सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला अग्रणी प्रबंधक एवं आरसेटी के प्रभारी निदेशक चतुर सिंह ठाकुर ने किया। आरसेटी के फैकल्टी सदस्य ओम मिश्रा और अभिषेक तिवारी भी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, बैंक ऋण उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से रोजगार के अवसरों का विस्तार करने के उपायों पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा और संस्थान की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण भी किया गया। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए तथा विभागों और बैंकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर अधिकाधिक युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। बैठक में रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने और प्रशिक्षण के बाद युवाओं के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया है।