Uncategorized

सलौनी में विश्व एड्स दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व एड्स दिवस पर रानी रश्मि देवी सिंह पब्लिक स्कूल सलौनी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के मंथली एक्शन प्लान के तहत विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष विजय कुमार होता के निर्देश पर सचिव निलेश जगदल्ला तथा तालुका विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की अध्यक्ष मोहिनी कंवर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए जूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास आकांक्षा खलखो ने एड्स के कारण, रोकथाम, प्रारंभिक पहचान और सामाजिक प्रभाव पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एड्स से जुड़े मिथक, कलंक और भेदभाव दूर करने पर जोर देते हुए जागरूकता को ही बचाव का प्रभावी माध्यम बताया इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न अधिनियम, साइबर सुरक्षा और साइबर स्वच्छता से भी अवगत कराया।
पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू ने विधिक ढांचे, डिजिटल युग में सुरक्षा और युवाओं के विधिक जागरूक होने के महत्व पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं तथा दूसरों को एड्स से बचाव के लिए जागरूक करने की अपील की। विद्यालय प्राचार्य नरोत्तम वर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा आयोजित यह शिविर समुदाय में विधिक जागरूकता और सुरक्षा संबंधी अधिकारों की समझ को मजबूत करता है। कार्यक्रम के अंत में एड्स रोकथाम, विधिक अधिकारों और डिजिटल सुरक्षा पर निरंतर जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर बल दिया गया। विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान पीएलवी साहू ने विस्तार से किया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page