KCG

सूने मकान में चोरी, नकदी-जेवर समेत 44 हजार रुपये का सामान पार

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। गंडई नगर से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम दनिया में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी जेवर और अन्य सामान समेत लगभग 44 हजार रुपये की चोरी कर ली। मामले की शिकायत गंडई थाना में दर्ज कराई गई है जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम दनिया निवासी दुर्गेश साहू परिवार सहित रायपुर में रहकर मजदूरी का कार्य करते हैं। गांव स्थित उनके घर में उनकी दादी रहती थीं लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे भी कुछ समय पहले रायपुर चली गई थीं। घर की सुरक्षा के लिए मकान में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे जिनकी निगरानी दुर्गेश साहू मोबाइल के माध्यम से करते थे। बताया गया कि 22 जून की रात करीब 11 बजे उन्होंने मोबाइल से कैमरों की स्थिति देखी थी तब सभी कैमरे चालू थे।

अगले दिन सुबह पड़ोसी विनोद साहू ने फोन कर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान पीछे खेत में बिखरा पड़ा है।सूचना मिलने पर दुर्गेश ने दोबारा सीसीटीवी सिस्टम जांचा लेकिन कैमरे बंद मिले। इसके बाद वे तत्काल रायपुर से गांव पहुंचे। मौके पर पहुंचकर देखा कि घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे थे। चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर सोने-चांदी के आभूषण नकदी और अन्य कीमती सामान ले गए थे। पीड़ित के अनुसार उनकी चाची के घर में भी चोरी की घटना हुई है। दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर लगभग 44 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की शिकायत गंडई थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page