KCG

सुशासन तिहार में पालिका को मिले 82 आवेदन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका खैरागढ़ स्थित स्व.दिलीप सिंह मंगल भवन में सुशासन तिहार-2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों और ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें 78 आवेदन विभिन्न मांगों तथा 4 आवेदन शिकायतों से संबंधित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा कई मामलों में मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे लोगों ने शासन की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि अब स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान मिलने लगा है। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, नाली सफाई, शौचालय निर्माण, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन ने सभी आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान गांव और वार्ड स्तर पर ही किया जाए ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सुशासन तिहार को शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाला प्रभावी माध्यम बताया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 24 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 3 गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए साथ ही 2 हितग्राहियों को कुपोषण किट और 2 हितग्राहियों को राशन सामग्री वितरित की गई। शिक्षा विभाग ने 9 मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन सामग्री प्रदान की। वहीं मत्स्य पालन विभाग ने 4 मछुआरों को 2 आइस बॉक्स और 2 जाल वितरित किए। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, सभापति एवं पार्षद विनय देवांगन, रूपेन्द्र रजक, रेखा विकेश गुप्ता, देविन कमलेश कोठले, शैलेन्द्र वर्मा, निलिमा गिरी गोस्वामी, आयश सिंह और महेश गिरी गोस्वामी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page