
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कृष्ण कुंज स्थित भक्त माता कर्मा धाम अकरजन के समीप शनिवार को साहू समाज के तत्वावधान में राजिम महोत्सव माता कर्मा मंदिर भूमिपूजन तथा शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में कसडोल विधायक संदीप साहू, खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा, पूर्व विधायक सियाराम साहू, प्रदेश साहू संघ उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश साहू एवं साधना साहू, संगठन सचिव सुनील साहू, जिला साहू संघ राजनांदगांव अध्यक्ष भागवत साहू, जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी अध्यक्ष कोमल साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी तथा सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार उपस्थित रहे।
धार्मिक विधि-विधान के साथ मंदिर निर्माण का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत माता कर्मा मंदिर निर्माण के लिए चयनित स्थल पर विधि विधान के साथ भूमिपूजन से हुई। पूजा अर्चना में मुख्य यजमान के रूप में डॉ. निरेन्द्र साहू, मिनेश साहू, प्रति राम साहू, चमरू राम साहू, रामबिलास साहू एवं लाल राम साहू शामिल हुए। हवन और आरती के दौरान परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। भूमिपूजन के पश्चात आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में डॉ. निरेन्द्र साहू ने जिले के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों प्रकोष्ठ परिक्षेत्रीय एवं ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने समाज में एकता सहयोग और समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।
समाज भवन निर्माण के लिए 50 लाख की मांग
स्वागत उद्बोधन में जिला साहू संघ अध्यक्ष टिलेश्वर साहू ने समाज की संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री के नाम समाज भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की मांग रखी। मुख्य अतिथि मोतीलाल साहू ने मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने तथा सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
विधायक ने 10 लाख रुपये की घोषणा की
खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा ने समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि समाज के विकास के लिए पूर्व में भी विभिन्न स्थानों पर आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है कार्यक्रम में अकरजन के पूर्व सरपंच दुर्गेश साहू को समाज के लिए भूमि उपलब्ध कराने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयासों से समाज को भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई जिसके आधार पर शासन द्वारा 75 डिसमिल भूमि प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह प्रमाण पत्र और सम्मान स्वरूप गमछा भेंट किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आकर्षण
समारोह के दौरान समाजजनों के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल एवं शांतिपूर्ण बनाने में पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए समाज की ओर से आभार व्यक्त किया गया। समापन अवसर पर लोकधरोहर अहिवारा के लीला धर साहू एवं उनकी टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया।