

IKSV ऑडिटोरियम में जागरूकता कार्यक्रम, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय यादव ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच आमजन विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के कैंपस-2 स्थित IKSV ऑडिटोरियम में साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं नागरिकों और गणमान्यजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सजगता को सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय बताया। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से स्वयं साइबर ठगी से बचने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने की। उन्होंने कहा कि तकनीक के विस्तार के साथ अपराधों का स्वरूप भी बदल रहा है। पारंपरिक अपराधों के साथ साइबर अपराध तेजी से चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग और साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों युवाओं और आम नागरिकों को साइबर ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने संदिग्ध कॉल और मैसेज से सतर्क रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई। कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े और पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। उन्होंने विद्यार्थियों और आमजन से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम खैरागढ़ जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष खैरागढ़ गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ राजश्री त्रिपाठी, घम्मन साहू सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस की अपील सतर्कता ही सुरक्षा
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक कॉल और मैसेज से सावधान रहने तथा किसी भी स्थिति में OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने जागरूकता का संदेश देते हुए कहा—
जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें।

