
द्वितीय सप्ताह के पहले दिन KCG पुलिस ने ATM, बैंक सहित विभिन्न स्थानों पर चलाया जागरूकता अभियान; ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। अभियान के द्वितीय सप्ताह के प्रथम दिवस जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ATM, बैंक एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिले के 10 प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान 2000 से अधिक नागरिकों एवं विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस टीम ने UPI फ्रॉड ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, OTP, PIN, CVV, QR कोड तथा संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नागरिकों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर समय गंवाए बिना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

हर क्षेत्र तक पहुंच रहा साइबर सुरक्षा का संदेश

KCG पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर जिलेभर में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्कूल, कॉलेज, बैंक, ATM और सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें। डिजिटल सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
KCG पुलिस आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
