
निबंध लेखन से श्लोक वाचन और पुस्तक प्रदर्शनी तक हुए विविध आयोजन, संस्कृत के महत्व और प्रासंगिकता पर दिया गया जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् रायपुर के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खैरागढ़ में ‘संस्कृत सप्ताह 2026’ का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। सप्ताहभर चले इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रथम दिवस संस्कृत भाषा में निबंध लेखन द्वितीय दिवस वाद-विवाद तृतीय एवं चतुर्थ दिवस कहानी वाचन पंचम दिवस परिचर्चा तथा षष्ठम दिवस सस्वर संस्कृत श्लोक वाचन प्रतियोगिता आयोजित हुई। सातवें दिवस संस्कृत भाषा में रचित पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें विद्यार्थियों को संस्कृत साहित्य और उसके समृद्ध इतिहास से परिचित होने का अवसर मिला। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता भाषायी दक्षता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के महत्व उसकी साहित्यिक विरासत तथा आधुनिक समय में उसकी उपयोगिता को समझने का प्रयास किया। समापन अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह राजपूत ने की। उन्होंने संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण आधारभूत भाषा है। इसके संरक्षण संवर्धन और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत के अध्ययन के लिए प्रेरित किया है। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्कृत व्याख्याता मनोज पटेल के मार्गदर्शन में सभी प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संपन्न हुईं। आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।