Advertisement
धर्म

श्री किसान हनुमान चार दिवसीय शोभा यात्रा, गाँव-गाँव में उमड़ा आस्था का सैलाब

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। क्षेत्र में इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्री किसान हनुमान जी की चार दिवसीय भव्य शोभा यात्रा ने ग्रामीण अंचलों को आध्यात्मिक वातावरण में रंग दिया है। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक परंपराओं का भी संदेश दे रही है। शोभा यात्रा जैसे ही एक गाँव से दूसरे गाँव की ओर बढ़ती है, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है। “जय श्री राम” और “जय बजरंग बली” के जयकारों से वातावरण गूंज उठता है। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा—हर वर्ग के लोग भगवान के दर्शन के लिए उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। कई स्थानों पर श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। गाँव-गाँव की सेवा समितियाँ यात्रा के स्वागत में सक्रिय हैं। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और फूल-मालाओं से सजे स्वागत द्वारों के बीच शोभा यात्रा का भव्य अभिनंदन किया जा रहा है। ग्रामीण मार्गों पर पानी छिड़ककर धूल शांत करने से लेकर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएँ भी की जा रही हैं। कई स्थानों पर श्रद्धालु श्रीफल अर्पित कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। समिति की अध्यक्ष लुकेश्वरी जंघेल ने बताया कि चार दिवसीय यह शोभा यात्रा 50 से अधिक प्रभावित गाँवों से होकर गुजर रही है। इसका उद्देश्य धार्मिक जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। यात्रा मार्ग में माताएं और बहनें आरती की थालियों के साथ भगवान का स्वागत कर रही हैं। दीपों की रोशनी और घंटियों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा है।

श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान से सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। समिति के संरक्षक गिरवर जंघेल एवं मोतीलाल जंघेल ने बताया कि 2 अप्रैल को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगे की रूपरेखा पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा के साथ विभिन्न गाँवों की सेवा मंडलियाँ भी सहयोग कर रही हैं, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। इस भव्य शोभा यात्रा में समिति के संरक्षक गिरवर जंघेल, मोतीलाल जंघेल, अध्यक्ष लुकेश्वरी जंघेल, संयोजक सुधीर गोलछा, मुकेश पटेल, कामदेव जंघेल, प्रमोद सिंह, बीरेन्द्र जंघेल, श्रवण जंघेल, राजकुमार जंघेल, सौरभ जंघेल, संजू चंदेल, मन्नू चंदेल, विक्रम यादव, ज्ञानेंद्र जंघेल, चिरंजय जंघेल, शारदा कौशल (सरपंच), कैलाश जंघेल (सरपंच), मंगलू साहू (सरपंच), लेखराम जंघेल, लालू पाल बुंदेली, अशोक जंघेल, रमेश जंघेल, डॉ. नेतराम जंघेल, राधेमोहन वैष्णव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा भावना और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यह शोभा यात्रा क्षेत्र में भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दे रही।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page