KCGशिक्षा

शिक्षकों की अनूठी पहल, जिले में सातवीं बार होगी सामान्य ज्ञान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी भावना विकसित करने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के शिक्षकों द्वारा लगातार सातवीं बार जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2020-21 में शुरू हुई यह पहल अब जिले में विद्यार्थियों के ज्ञान-विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।

ज्ञात हो कि आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्य शिक्षक हैं जो प्रतियोगिता के आयोजन में प्रश्नपत्र तैयार करने, पंजीयन, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने तक की जिम्मेदारी शिक्षक स्वयं संभालते हैं। इसके लिए न तो विद्यार्थियों से शुल्क लिया जाता है और न ही परीक्षा केंद्रों पर जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों को मानदेय दिया जाता है।

प्रतियोगिता की खास बात यह है कि प्रश्न विद्यार्थियों की निर्धारित पाठ्यपुस्तकों पर आधारित होते हैं। इससे प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान विद्यार्थी पाठ्यक्रम की पुस्तकों का नियमित अध्ययन करते हैं। प्रतियोगिता में जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थी शामिल होते हैं। शिक्षकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान का परीक्षण करना नहीं बल्कि उनमें अध्ययन की आदत, विषयों के प्रति रुचि और आत्मविश्वास विकसित करना भी है। शिक्षकों द्वारा अपने समय, श्रम और संसाधनों से सात वर्षों से इस आयोजन को जारी रखना जिले में शैक्षणिक नवाचार और सेवाभाव का उल्लेखनीय उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page