KCG

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जिलेभर में चलाया गया जनजागरूकता अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जिलेभर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा तम्बाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा तथा सहायक संचालक समाज कल्याण कमलेश पटेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्वास्थ्य केंद्रों, ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों में विविध जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इसमें खंड चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, पर्यवेक्षक, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, मितानिन एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान आमजन को सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा अधिनियम-2003) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही तम्बाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों, उच्च रक्तचाप तथा अन्य गैर-संचारी रोगों के खतरों के बारे में विस्तार से बताया गया। जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रैली, जनसंवाद, स्वास्थ्य शिक्षा सत्र, नारा लेखन तथा शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को तम्बाकू सेवन से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध तथा तम्बाकू उत्पादों की बिक्री से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग ने नागरिकों से तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की ताकि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page