परीक्षा में जिले के 2409 अभ्यर्थी होंगे शामिल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा आयोजित डीएड प्रवेश परीक्षा 4 जून को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष जिले में कुल 2409 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य रहेगा। निर्धारित समय के बाद केंद्र के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे और विलंब से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इयरफोन, बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धातु की वस्तुएं तथा किसी भी प्रकार की नकल सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा में केवल नीले या काले बॉल पेन के उपयोग की अनुमति होगी। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के सादे एवं आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षार्थियों के प्रवेश दस्तावेज सत्यापन और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रारंभ कर दी जाएगी। संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी तथा पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मी करेंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल, पर्यवेक्षक नोडल अधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन में सहयोग करने की अपील की है।

