KCG

वनांचल के गांवों में पहुंचीं विधायक हर्षिता स्वामी, वृक्षारोपण कर दिया हरित संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने शनिवार को वनांचल क्षेत्र के ग्राम गातापार एवं लिमाउटोला का दौरा कर जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूत करते हुए वृक्षारोपण किया तथा सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया। ग्राम गातापार जंगल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्रीमती बघेल ने छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन कर अपने लक्ष्य हासिल करने और परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके बाद विधायक ग्राम लिमाउटोला पहुंची जहां आयोजित वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों के साथ पौधे लगाए। उन्होंने गांव के वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। विधायक ने संबंधित विभागों के माध्यम से जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वे लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रही हैं और विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा ले रही हैं। इस अवसर पर मुढ़ीपार ब्लॉक के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page