
चार स्तरीय वेतनमान और अर्जित अवकाश नगदीकरण की मांग प्रमुख
जल्द निर्णय न होने पर आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
खैरागढ़। शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में संगठित प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर केसीजी जिले के अधिकारी-कर्मचारी दोपहर भोजनावकाश के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 11 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 8, 16, 24 एवं 32 वर्षों में चार स्तरीय समयमान वेतनमान लागू करने की प्रमुख मांग उठाई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की तर्ज पर 300 दिनों के अर्जित अवकाश के नगदीकरण को लागू करने की भी मांग प्रमुखता से रखी गई। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन उनके चरणबद्ध आंदोलन का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। फेडरेशन के जिला अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह ने बताया कि लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों की समस्याएं उठाई जा रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में कर्मचारियों को अपनी मांगों के समर्थन में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है ताकि प्रशासनिक कार्यप्रणाली सुचारू बनी रहे और कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति समाप्त हो सके। इस दौरान फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
