
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता खैरागढ़ स्थित दाऊ चौरा वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों को राशन सामग्री प्रदान की है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सेवा और संवेदनशीलता का विशेष महत्व है। इसी भावना के साथ संगठन द्वारा बुजुर्गों के बीच पहुंचकर सहयोग का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के अनुभवी और वरिष्ठ नागरिक हमारी अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान और देखभाल के प्रति प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जन्मदिवस जैसे अवसरों को जनसेवा और सामाजिक सहयोग के माध्यम से सार्थक बनाया जा सकता है। इस अवसर पर रामकुमार पटेल, सुशील पांडे, आरती महोबिया, आकाशदीप सिंह ‘गोल्डी’, जितेन सिंह गौर, रिंकू गुप्ता, दिलीप शर्मा, सुरेन्द्र सिंह सोलंकी, मनोज बेद, राजा सोलंकी, रिंकू महोबिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
