
अंबेडकर चौक से निकली विरोध रैली, कांग्रेस नेताओं ने कहा—‘विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं’
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार शाम खैरागढ़ में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने अंबेडकर चौक पर धरना-प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से विरोध मार्च निकालकर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग उठाई साथ ही उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की गई। शाम करीब 6 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा सहित कांग्रेस नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके बाद कांग्रेसजन धरने पर बैठे। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताया गया। धरने के बाद कांग्रेसजनों ने विरोध रैली निकाली और केंद्र एवं भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश : यशोदा वर्मा
खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी देश के सबसे बड़े लोकतांत्रिक मंच संसद में विपक्ष की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ऐसी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

बदले की राजनीति स्वीकार नहीं : कोमल दास साहू
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का जवाब एफआईआर और दबाव की राजनीति से नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
जनता सब देख रही है : अरुण भारद्वाज
शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी जनता की आवाज बनकर सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। उनकी आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ में आयोजित विरोध प्रदर्शन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लोकतांत्रिक संकल्प और एकजुटता का परिचायक है।
संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा : मनराखन देवांगन
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता संवैधानिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। विरोध प्रदर्शन में आकाश दीप सिंह गोल्डी, सज्जाक खान, सुदीप श्रीवास्तव, रिंकू गुप्ता, चंद्रेश यदु, रज्जाक खान, जितेंद्र सिंह गौर, पुरुषोत्तम वर्मा, गुलाब चोपड़ा, पूरन सारथी, यतेंद्रजीत सिंह, संत निषाद, कोमल वर्मा, शेखरदास वैष्णव, किशन रजक, शिवा यादव, दीपक बैद सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
