एंटरटेनमेंट

राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में वेसलियन स्कूल के छात्र अथर्व का चयन, माता-पिता संग हुए सम्मानित

खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ की खेल प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्थानीय वेसलियन स्कूल के होनहार फुटबॉल खिलाड़ी अथर्व सिंह का चयन अंडर-19 बालक वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में किया जाएगा जहां अथर्व अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर खैरागढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।अथर्व की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बुधवार को वेसलियन स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अथर्व के साथ उनके पिता अभिलेख सिंह (शिक्षा विभाग में लेखपाल) और माता नीलू सिंह (क्रीडा शिक्षिका) को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रिंकेश कश्यप एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अथर्व और उनके माता-पिता को सैश पहनाकर तथा श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस उपलब्धि का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए अथर्व का चयन न केवल विद्यालय बल्कि पूरे खैरागढ़ क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। छात्र की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने अथर्व को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य एस.मसीह, क्रीडा प्रभारी पूर्णिमा सिंह सहित शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page