KCG

नर्मदा में सट्टे के खिलाफ गंडई पुलिस की दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए गंडई पुलिस ने ग्राम नर्मदा में दो आरोपियों को सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी नकदी और मोबाइल से ऑनलाइन सट्टे से संबंधित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नर्मदा में कुछ लोग हार-जीत पर रकम लगाकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गंडई थाना पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मिर्जा इकबाल (47), निवासी ग्राम नर्मदा और अकरम बेग मिर्जा (53), निवासी खैरानवापारा को सट्टा गतिविधि में संलिप्त पाया गया है। ऑनलाइन सट्टे का भी मिला रिकॉर्ड तलाशी के दौरान मिर्जा इकबाल के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप पर ऑनलाइन सट्टे में 46,035 रुपए की रकम लिखे होने का रिकॉर्ड मिला। इसके अलावा फोन-पे के ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े 1,13,900 रुपए के चार स्क्रीनशॉट भी पुलिस ने जब्त किए। उसके कब्जे से सट्टे में इस्तेमाल किया जा रहा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। वहीं दूसरे आरोपी अकरम बेग मिर्जा के पास से दो सट्टा-पट्टी, एक नीला डॉट पेन और 550 रुपए नकद बरामद किए गए। अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे से जुड़े मामले में मिर्जा इकबाल के खिलाफ अपराध क्रमांक 247/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और 8 में प्रकरण दर्ज किया है। इसी तरह अकरम बेग मिर्जा के खिलाफ अपराध क्रमांक 248/26 के तहत धारा 6 में कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page