KCG

सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे मिल रहा विवाह प्रमाण पत्र

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश सरकार द्वारा डिजिटल माध्यम से शासकीय सेवाओं को आमजन तक सहज रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान तहसील अंतर्गत ग्राम ओड़िया निवासी यश कुमारी साहू को इसी पोर्टल के माध्यम से घर बैठे विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ जिससे उनके विभिन्न आवश्यक शासकीय कार्य समय पर पूरे हो सके। यश कुमारी साहू ने बताया कि पहले विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती थी तथा दस्तावेजी प्रक्रिया भी काफी जटिल महसूस होती थी। सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया है। ऑनलाइन आवेदन के बाद निर्धारित समय के भीतर उनका प्रकरण स्वीकृत हुआ और उन्हें विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया है। इससे बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के उनकी महत्वपूर्ण जरूरत पूरी हो गई। यश कुमारी साहू का कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल के जरिए अब सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। घर बैठे आवेदन करने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखने और समय पर प्रमाण पत्र मिलने जैसी सुविधाओं से ग्रामीण नागरिकों को काफी राहत मिली है। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे सेवा वितरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी सरल और समयबद्ध बनी है तथा ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक भी डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page