Uncategorized

गिरदावरी और पॉलीगन निर्माण समय-सीमा में पूरा करें अधिकारी- कलेक्टर चंद्रवाल

खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में राजस्व कार्यों और शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत गिरदावरी पूर्ण करने तथा पीवी ऐप के माध्यम से पॉलीगन निर्माण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित कर नागरिकों को समय पर राहत पहुंचाने पर जोर दिया। राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने तहसीलदारों को गिरदावरी और पॉलीगन निर्माण के शेष कार्य प्राथमिकता से पूरा करने तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख तैयार करने की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निराकरण गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। पोर्टल पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट, सही और तथ्यपरक दर्ज होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दें, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।बैठक में नियद नेल्लानार योजना के तहत लाभान्वित पात्र हितग्राहियों की जानकारी दर्ज करने की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं से मिले लाभ का विवरण संकलित कर हितग्राहियों की प्रविष्टि पूर्ण एवं सही तरीके से करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चावल जमा करने की प्रगति और संग्रहण केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और विभागीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page