KCGछत्तीसगढ़

जिले में औद्योगिक विकास पर दिया जा रहा जोर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग से जुड़ी स्थाई समिति की दूसरी बैठक शनिवार को आयोजित हुई जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता सभापति जमुना नरेश कुर्रे ने की। इस दौरान सदस्य हेमलता मंडावी और ललित चोपड़ा सहित उद्योग सहकारिता, खाद्य, जिला विपणन तथा मछली पालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत पिछले सीजन की धान खरीदी और सहकारी समितियों में सामने आए वित्तीय अंतर के मुद्दे से हुई। अधिकारियों ने संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए स्थिति स्पष्ट की और आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर चर्चा की। खाद्य विभाग के कामकाज की समीक्षा के दौरान एपीएल और बीपीएल श्रेणी के तहत हो रहे राशन वितरण को लेकर सदस्यों ने सवाल उठाए जिनका विभागीय अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। वहीं मछली पालन विभाग ने जिले में संचालित समितियों की स्थिति और उन्हें दिए जा रहे अनुदानों की जानकारी साझा की। उद्योग विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के प्रयास जारी हैं। संभावित निवेशकों द्वारा भूमि का निरीक्षण किया गया है और प्रस्तावित इकाइयों के लिए स्थानीय स्तर पर कुशल श्रमिक तैयार करने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की समयसीमा 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाए जाने की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया। अंत में सभापति ने उपस्थित अधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा किए।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page