
कृषि विभाग ने छुईखदान क्षेत्र के किसानों को उपलब्ध कराया उर्वरक
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन के दौरान खाद की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का कृषि विभाग ने निराकरण करते हुए किसानों को आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराया। शिकायत के बाद खाद मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली। जानकारी अनुसार जिले के कुछ किसानों को लंबे समय से खाद नहीं मिल पा रहा था, धान बोवाई का समय होने के कारण किसान परेशान हो गए थे। परेशान किसानों ने अंत में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा लिया और शिकायत कर दी जिसके बाद कृषि विभाग हरकत में आया और शिकायतों के परीक्षण के बाद विकासखंड छुईखदान के नवागांव निवासी पुरेश कुमार, ढाबा निवासी पालूराम वर्मा तथा चकनार निवासी दोगेंद्र सोरी को आवश्यकता के अनुरूप खाद उपलब्ध कराई गई। इसके बाद संबंधित शिकायतों का निराकरण किया गया। विभाग ने बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए जिले की सहकारी समितियों और खाद विक्रय केंद्रों में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है ताकि किसानों को समय पर कृषि आदान मिल सके और खेती का कार्य प्रभावित न हो। कृषि विभाग का कहना है कि किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए निगरानी लगातार जारी है। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी किसान को खाद की कमी के कारण खेती-किसानी में परेशानी का सामना न करना पड़े।
