Uncategorized

मुख्यमंत्री से मुलाकात में किसानों की चिंता उठी, विक्रांत ने की कम बारिश से फसल क्षति के आकलन की मांग

खैरागढ़। जिले में इस वर्ष मानसून के दौरान कम और असमान वर्षा से खरीफ फसलों पर मंडरा रहे संकट को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता विक्रांत सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर किसानों की चिंता सामने रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश की स्थिति और खेतों में खड़ी फसलों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का वास्तविक आकलन कराने की मांग की। विक्रांत ने मुख्यमंत्री से कहा कि जिले के बड़ी संख्या में किसान वर्षा आधारित खेती पर निर्भर हैं। पर्याप्त बारिश नहीं होने से विशेषकर धान की फसल की बढ़वार और संभावित उत्पादन को लेकर किसानों की चिंता बढ़ी है। ऐसी स्थिति में प्रभावित गांवों और खेतों का मैदानी स्तर पर जायजा लेकर वास्तविक स्थिति सामने लाना आवश्यक है ताकि पात्र किसानों को शासन की ओर से मिलने वाली राहत और सहायता का लाभ मिल सके। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह से भी मुलाकात कर जिले के किसानों की स्थिति पर चर्चा की। उपाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि कलेक्टर से भी इस संबंध में बातचीत कर कम वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति का आकलन कराने की आवश्यकता पर चर्चा की गई है।

विक्रांत सिंह ने फसल बीमा से जुड़े मामलों में भी समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कम वर्षा या प्रतिकूल मौसम के कारण फसल प्रभावित होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित बीमा कंपनी को समय पर सूचना देना जरूरी है ताकि किसानों के संभावित बीमा दावों की प्रक्रिया प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी केवल आंकड़ों का विषय नहीं बल्कि उनके परिवार की आजीविका से जुड़ी चिंता है। इसलिए प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में फसल की वास्तविक स्थिति का संवेदनशीलता के साथ आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। श्री सिंह ने भरोसा जताया कि किसानों की समस्या को शासन-प्रशासन के स्तर पर गंभीरता से लिया जाएगा और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page