
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नेशनल लोक अदालत, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के दौरान 4 अप्रैल को गोल बाजार खैरागढ़ में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला आफरीन अली के भाई से मुलाकात हुई। उसने बताया कि उसकी बहन करीब एक वर्ष से मानसिक रूप से बीमार है और उपचार के बावजूद सुधार नहीं हुआ जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हुई है। विवाह के बाद वह ससुराल से वापस मायके आ गई थी और वर्तमान में अस्वस्थ अवस्था में इधर-उधर भटक रही थी। नालसा की योजना के तहत विधिक सहायता का अनुरोध मिलने पर पैरा लीगल वालिंटियर गोलू दास साहू ने तत्काल सहयोग करते हुए महिला का रेस्क्यू कर सिविल हॉस्पिटल खैरागढ़ में भर्ती कराया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विवेक बिसेन एवं डॉ.पंकज वैष्णव ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए छत्तीसगढ़ राज्य मनोरोग चिकित्सालय, सेंद्री (बिलासपुर) रेफर किया। निर्देशानुसार सखी वन स्टॉप सेंटर खैरागढ़ की टीम द्वारा महिला को राज्य मनोचिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां डॉ.प्रीति और उनकी टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है। इस कार्य में वालिंटियर गोलू दास साहू, केंद्र प्रभारी अर्चना शर्मा, केस वर्कर नवरत्ना साहू तथा पैरामेडिकल स्टाफ प्रमिला रात्रे का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।