छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़पॉलिटिक्स

महिला आरक्षण पर घमासान: कांग्रेस ने भाजपा की मंशा पर उठाए सवाल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को छुईखदान के कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश की जनता को भ्रमित किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़ा कानून पहले ही संसद के दोनों सदनों से पारित होकर लागू हो चुका है और इसे राष्ट्रपति की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके बावजूद भाजपा इस विषय को लेकर भ्रामक प्रचार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से संबंधित नहीं था बल्कि इसके जरिए परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ प्रावधानों में बदलाव का प्रयास किया जा रहा था। कांग्रेस के अनुसार महिला आरक्षण को केवल एक “आवरण” के रूप में उपयोग किया गया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि प्रस्तावित संशोधन में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने राज्यों के लिए 815 तथा केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें निर्धारित करने की बात शामिल थी। साथ ही परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने और दिल्ली पांडुचेरी व जम्मू-कश्मीर से जुड़े कानूनों में बदलाव का प्रस्ताव भी बताया गया।कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब नई जनगणना 2026-27 में प्रस्तावित है तो पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन करना उचित नहीं है। नेताओं का कहना था कि यदि सरकार की मंशा साफ है तो वर्तमान सीटों में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जा सकता है। पार्टी ने अपने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है। नेताओं ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायत स्तर पर महिलाओं को आरक्षण देने की पहल की थी जिसे बाद में पी.वी. नरसिम्हा राव सरकार ने लागू किया। इसके अलावा मनमोहन सिंह सरकार ने भी संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण का विधेयक पेश किया था।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि विपक्ष की एकजुटता के चलते सरकार की परिसीमन से जुड़ी रणनीति सफल नहीं हो पाई जिसके बाद अब महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष टारकेश्वर शाह खुसरो, जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष देवराज किशोर दास, जिला कांग्रेस के महामंत्री सज्जाक खान, सुदीप श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छुईखदान रामकुमार पटेल, खैरागढ़ ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, खैरागढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, कांग्रेस नेता विजय वर्मा, जिला कांग्रेस सचिव रिंकू गुप्ता और यतेंद्रजीत सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page