KCGछत्तीसगढ़

कल नेशनल लोक अदालत के साथ न्यायालय परिसर में लगेगा स्वास्थ्य शिविर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय खैरागढ़ एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों तथा प्री-लिटिगेशन मामलों का निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए न्यायिक अधिकारियों अधिवक्ताओं एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं पैरालीगल वालंटियरों द्वारा गांवों, स्कूलों, ग्राम पंचायतों और मनरेगा कार्यस्थलों पर पहुंचकर लोक अदालत के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोक अदालत में धारा 138 परक्राम्य अधिनियम मोटर दुर्घटना दावा बैंक रिकवरी सिविल एवं निष्पादन प्रकरण विद्युत संबंधी विवाद पारिवारिक मामले सहित अन्य राजीनामा योग्य मामलों का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा बैंक विद्युत विभाग दूरसंचार विभाग एवं नगरपालिका परिषद से जुड़े प्री-लिटिगेशन प्रकरण भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी अवसर पर व्यवहार न्यायालय खैरागढ़ परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। शिविर में उपस्थित पक्षकारों न्यायिक अधिकारियों कर्मचारियों विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था रहेगी। यह स्वास्थ्य शिविर सिविल अस्पताल खैरागढ़ के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन के नेतृत्व में आयोजित होगा।आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से नेशनल लोक अदालत एवं स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page