
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड द्वारा उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल को राज्य के 16 जिलों में किया जाएगा। इस परीक्षा में लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि राज्य के सभी 33 जिलों के परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लें ताकि परीक्षा दिवस पर किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, जिससे तलाशी (फ्रिस्किंग) और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह
परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। इसके अलावा कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना भी वर्जित रहेगा।
इलेक्ट्रॉनिक सामान रहेंगे पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन साथ लाने की अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थी की परीक्षा तत्काल निरस्त कर दी जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
