भाजपा के वरिष्ठ जमीनी नेता व पूर्व विधायक सरोजनी बंजारे के पति जीवन बंजारे का आकस्मिक निधन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं जमीनी नेता व डोंगरगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक सरोजनी बंजारे के पति जीवन बंजारे का रविवार की दरमियानी रात हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। वे 52 वर्ष के थे। उनके असामयिक निधन की खबर से डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत जीवन बंजारे अपने सरल, सहज एवं मिलनसार स्वभाव के लिए व्यापक रूप से जाने जाते थे। समाजसेवा के प्रति उनकी गहरी रुचि रही और उन्होंने सतनामी समाज सहित क्षेत्र के सामाजिक उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन को क्षेत्र ने एक अपूरणीय क्षति के रूप में महसूस किया है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार 2 फरवरी को उनके गृह ग्राम बरबसपुर में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में सतनामी समाज के महंतगण, बड़ी संख्या में समाजजन, शुभचिंतक एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव एवं पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय श्री बंजारे के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

Exit mobile version