KCG

बिरखा आंगनबाड़ी में हो रहा नवाचार, बच्चों को मिल रहा विद्यालय जैसा माहौल

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सेक्टर गंडई के आंगनबाड़ी केंद्र बिरखा में अभिनव पहल शुरू की गई है। यहां बच्चों को विद्यालयीन वातावरण से जोड़ने के उद्देश्य से यूनिफॉर्म आई-कार्ड और नियमित प्रार्थना सत्र की व्यवस्था की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना छुईखदान के अंतर्गत कलेक्टर इंद्रजीत एस. चंद्रवाल के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल के मार्गदर्शन में यह पहल की जा रही है। सेक्टर सुपरवाइजर माधुरी जगत ने पालक बैठक लेकर अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से यूनिफॉर्म पहनाकर आंगनबाड़ी भेजने की अपील की। उन्होंने बताया कि इससे बच्चों में अनुशासन आत्मविश्वास और विद्यालय के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। बच्चों के लिए आई-कार्ड की व्यवस्था भी की गई है जिससे वे शुरुआती स्तर पर ही स्कूल जैसी व्यवस्था से परिचित हो सकें। जनसहयोग से केंद्र को साउंड बॉक्स भी उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से प्रतिदिन प्रार्थना बालगीत कविताएं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों से बच्चों के भाषा विकास सामाजिक सहभागिता रचनात्मक सोच और सीखने की क्षमता को बढ़ावा मिल रहा है।
परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने बताया कि इस तरह के नवाचार बच्चों को विद्यालयीन शिक्षा के लिए मानसिक सामाजिक और व्यवहारिक रूप से तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बिरखा आंगनबाड़ी की इस पहल को अन्य केंद्रों में भी लागू करने का प्रयास किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा का बेहतर वातावरण मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page