KCG

प्रधानपाठ बैराज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, शीघ्र मरम्मत के दिये निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम लछना स्थित प्रधानपाठ बैराज का कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने बैराज की वर्तमान स्थिति, जल संग्रहण क्षमता एवं मरम्मत आवश्यकताओं की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बैराज के नक्शे के माध्यम से जल प्रवाह के स्रोत क्षेत्रों का अवलोकन किया और जल संचयन में आ रही समस्याओं पर चर्चा की। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र कुमार मरकाम ने जानकारी दी कि बैराज का निर्माण वर्ष 2017 में पूर्ण हुआ था लेकिन वर्ष 2019 में आयी बाढ़ के कारण इसके गेट क्षतिग्रस्त हो गये थे। उन्होंने बताया कि गेटों के सुधार के लिये 711.74 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर शासन को प्रशासकीय स्वीकृति के लिये प्रेषित किया गया है। कलेक्टर ने वैकल्पिक उपाय के रूप में बल्क गेट की मरम्मत विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग दुर्ग के सहयोग से शीघ्र कराने के निर्देश दिये। इसके तहत जल संसाधन विभाग द्वारा तत्काल दूरभाष पर संबंधित विभाग से संपर्क स्थापित किया गया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बैराज से अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ पहुंचे और जल का उपयोग सिंचाई व निस्तारि दोनों उद्देश्यों के लिये सुनिश्चित किया जाये उन्होंने कहा कि बैराज के प्रभाव क्षेत्र में आने वाले किसान एवं ग्रामीणों को इससे खेती और जल आपूर्ति में बड़ा लाभ मिलेगा जिससे स्थानीय कृषि उत्पादन और जीवन स्तर में सुधार संभव हो सकेगा। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टंकेश्वर प्रसाद साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page